• Home
  • छत्तीसगढ़
  • मसाले की आड़ में अफीम का ‘जहर’, झारखंड के तस्करों ने आदिवासी किसानों को ठगा; ₹6.75 करोड़ की फसल जब्त
Image

मसाले की आड़ में अफीम का ‘जहर’, झारखंड के तस्करों ने आदिवासी किसानों को ठगा; ₹6.75 करोड़ की फसल जब्त

अंबिकापुर। बलरामपुर जिले के कुसमी ब्लॉक के त्रिपुरी और खजूरी के आदिवासी किसान फूल और मसाले की खेती के लालच में फंस गए। झारखंड के तस्करों ने उनके खेतों में अफीम की खेती करवा दी। त्रिपुरी में लगभग पौने पांच करोड़ रुपये कीमत के 43 क्विंटल अफीम के पौधे, फल और फूल जब्त किए गए। इसके बाद खजूरी गांव से लगे दुर्गम क्षेत्र से भी 285 बोरे अफीम के पौधे बरामद किए गए, जिनका वजन लगभग 19 क्विंटल है। इनकी अनुमानित कीमत करीब दो करोड़ रुपये बताई गई है। यह इलाका झारखंड की सीमा से लगा हुआ है।

दो ग्रामीणों को गिरफ्तार किया गया

खजूरी में अफीम की खेती के आरोप में सहादुर नगेशिया और टुईला नामक दो ग्रामीणों को गिरफ्तार किया गया है। सहादुर की अपनी जमीन है, जबकि टुईला ने रोपना राम से जमीन किराए पर ली थी। दोनों को झारखंड के चतरा निवासी भूपेंद्र उरांव ने मसाले की खेती का झांसा दिया था। उसी के जरिए जमीन लेकर अफीम की खेती कराई गई। त्रिपुरी और खजूरी में अफीम की खेती के मामले में अब तक नौ आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें भू-स्वामी, मजदूर और एक मध्यस्थ शामिल हैं। अब तक लगभग 62 क्विंटल अफीम के पौधे, फल, फूल और तना जब्त किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 6.75 करोड़ रुपये बताई गई है।

लाभ नहीं हो रही थी खेती से इसलिए किराए पर दी जमीन

अफीम की खेती के आरोप में गिरफ्तार सहादुर नगेशिया और टुईला नगेशिया का कहना है कि उन्हें अफीम की खेती के बारे में जानकारी नहीं थी। टुईला राम के पास अपनी जमीन नहीं है। उसने गांव के किसान रोपना से छह हजार रुपये में खेती के लिए जमीन बंधक पर ली थी। दोनों किसानों ने बताया कि झारखंड के चतरा निवासी भूपेंद्र उरांव ने उनसे संपर्क किया था और मसाले की खेती का प्रस्ताव दिया था। उसने कहा था कि इसमें अच्छी आमदनी होगी और फसल कटने के बाद मुनाफे का हिस्सा दिया जाएगा। इसी भरोसे पर उन्होंने खेत दे दिया। किसानों का कहना है कि उन्हें अब तक इस खेती के बदले कोई पैसा नहीं मिला है।

खेतों के पास झोपड़ी बनाकर रहते थे मजदूर

खजूरी में 1.47 एकड़ में झारखंड के चतरा निवासी भूपेंद्र उरांव द्वारा अफीम की खेती कराई गई थी। फसल की रखवाली के लिए स्थानीय लोगों को काम नहीं दिया गया था। झारखंड के चार से पांच लोग फसल की देखभाल करते थे और खेतों के पास झोपड़ी बनाकर रहते थे। होली के दौरान वे गांव चले गए थे, जिसके बाद दोनों स्थानीय ग्रामीण फसल की देखभाल कर रहे थे। खेतों के पास प्राकृतिक जल स्रोत से सिंचाई की जाती थी। किसानों का कहना है कि वे अफीम के पौधे को पहचानते नहीं थे, इसलिए उन्हें यह भी पता नहीं था कि इसकी खेती गैरकानूनी है।

झारखंड सीमा के पास दुर्गम इलाके में हो रही थी खेती

खजूरी के तुर्रीपानी में जहां अफीम की खेती की गई थी, वहां से झारखंड की सीमा लगभग 200 से 300 मीटर दूर है। खजूरी से पहाड़ चढ़कर दूसरी ओर तराई में उतरने के बाद करीब डेढ़ किलोमीटर दूर खेत स्थित हैं। यह क्षेत्र पहले माओवाद प्रभावित रहा है और दुर्गम होने के कारण यहां लोगों का आना-जाना कम होता है। रबी सीजन में राजस्व विभाग ने इस जमीन की गिरदावरी भी नहीं की थी। पुलिस झारखंड के लोगों की संलिप्तता की जांच कर रही है और अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं।

सूखे और चीरा लगे फल दे रहे गवाही

खजूरी के तुर्रीपानी में पांच जगहों पर अफीम की फसल लगाई गई थी। कुछ जगह फसल सूख चुकी थी और फल तोड़े जा चुके थे। कई फलों पर चीरे के निशान मिले, जिससे आशंका है कि उनसे अफीम निकाली जा चुकी थी। कुछ जगहों पर अभी फल लगे हुए थे और उनसे अफीम निकालने का काम किया जा रहा था। यहां से निकाली गई अफीम बरामद नहीं हो सकी है। त्रिपुरी में 1800 ग्राम अफीम के फल का रस भी जब्त किया गया था।

कलेक्टर ने की अपील

कलेक्टर राजेंद्र कटारा ने बताया कि जिले के सीमावर्ती क्षेत्र खजूरी के जंगलों के बीच 1.47 एकड़ क्षेत्र में छोटे-छोटे खेतों में अफीम की खेती की जा रही थी। यह क्षेत्र झारखंड सीमा से लगा हुआ है। बाहरी व्यक्तियों द्वारा अफीम की खेती कराई जा रही थी। पुलिस द्वारा इस मामले में विस्तृत जांच कर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में राजस्व, पुलिस, वन विभाग और पंचायत की संयुक्त टीम द्वारा सघन जांच की जा रही है। कलेक्टर ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध मादक पदार्थों की खेती या गतिविधियों की जानकारी मिले तो तुरंत प्रशासन या पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

Releated Posts

छत्तीसगढ़ी गाने पर पत्नी संग पुलिसकर्मी की रील वायरल—यूजर्स ने SSP से कार्रवाई मांगी, जवाब में बोला ‘तोर बबा ए करहि’

बिलासपुर. वर्दी पहनकर रील बनाने का एक मामला सामने आने के बाद हाल ही में एक आरक्षक लाइन…

ByByNandni Manik Apr 11, 2026

उद्योग और श्रम विभाग के आपसी समन्वय से संवर रहा है – छत्तीसगढ़

रायपुर , मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ने जिस स्पष्ट नीति के साथ श्रमिकों और…

ByByNandni Manik Apr 11, 2026

स्वाभिमान की नई पहचान : छत्तीसगढ़ में महिला सशक्तिकरण का स्वर्णिम दौर

रायपुर, छत्तीसगढ़ में वर्ष 2026 को “महतारी गौरव वर्ष” के रूप में मनाते हुए महिलाओं के सम्मान, स्वाभिमान…

ByByNandni Manik Apr 11, 2026

लग्जरी कार में घूमकर चेन स्नैचिंग—भीड़भाड़ वाले इलाकों में वारदात, 7 महिलाओं का गैंग और ड्राइवर गिरफ्तार

रायपुर. राजधानी रायपुर में लग्जरी वाहन से घूम-घूमकर चेन स्नैचिंग करने वाले शातिर महिलाओं के एक गैंग को पुलिस…

ByByNandni Manik Apr 11, 2026

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top